Saturday, August 18, 2012

गीतिका हत्याकांण्ड : कांडा ने किया आत्मसमर्पण

Geetika Sharma suicide case: Gopal Kanda surrenders before Delhi policeहरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने गीतिका शर्मा की आत्महत्या के 13 दिन बाद शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कांडा पर पूर्व एयर होस्टेस को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। 
पुलिस द्वारा जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिये जाने के बाद कांडा पिछले दस दिनों से फरार चल रहे थे। उन्होंने आज सुबह चार बजे भारत नगर पुलिस थाने में समर्पण कर दिया।    
पुलिस थाने में प्रवेश से पहले उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि दिल्ली पुलिस के निर्देश पर वह जांच में शामिल होने जा रहे हैं। पुलिस आयुक्त (उत्तर पश्चिम) पी करुणाकरण ने बताया कि कांडा ने समर्पण कर दिया है और हमने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। 
इस मामले में अब बंद हो चुकी कांडा की एमडीएलआर एयरलाइंस की वरिष्ठ अधिकारी अरुणा चड्डा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह अब न्यायिक हिरासत में है। गीतिका ने पांच अगस्त को अशोक विहार स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली थी।  
गीतिका ने अपने सुसाइड नोट में आरोप लगाया है कि उसके नौकरी छोड़ने के बाद कांडा और चडढा उस पर फिर से कंपनी में शामिल होने के लिए दबाव बना रहे थे। दिल्ली उच्च न्यायालय ने कल कांडा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।  
रोहिणी अदालत ने गुएवार को हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। अदालत ने पुलिस को गिरफ्तारी वारंट की तामील के लिए 24 अगस्त तक का समय दिया था।    
दिल्ली पुलिस ने कांडा की तलाश में हरियाणा, गोवा और पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी में 60 से अधिक स्थानों पर छापामारी की थी और लगभग 30 लोगों से पूछताछ की। 
कांडा के भाई गोविंद कांडा को भी कल पुलिस ने इस आरोप में गिरफ्तार कर लिया था कि वह पुलिस को चकमा देने में अपने भाई की मदद कर रहा है।
    कांडा को अंतिम बार गुड़गांव स्थित उनके आवास पर आठ अगस्त को देखा गया था और उन्हें सात अगस्त को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिया गया था।

No comments:

Post a Comment