Monday, August 27, 2012

यमुना में लगातार उफान


बाढ़ का पानी आने के कारण यमुना में लगातार उफान आता जा रहा है। यमुना ने बाढ़ का चेतावनी लेवल पार कर लिया है और बाढ़ के खतरे से महज 50 सेंटीमीटर दूर है।आज सुबह एक बार तो यमुना का लेवल बढ़कर 204.32 मीटर तक पहुंच गया था। हालांकि सुबह 8 बजे इसमें मामूली गिरावट आई और लेवल 204.28 मीटर दर्ज किया गया। यमुना में बाढ़ के लिए चेतावनी लेवल 204 मीटर तय किया गया है। जबकि बाढ़ के खतरे का लेवल 204.83 मीटर तय किया गया है। यानी बाढ़ के खतरे से यमुना केवल आधा मीटर दूर है।हालांकि प्रशासन का कहना है कि फिलहाल खतरे की कोई बात नहीं है। दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग का कहना है कि एहतियात के तौर पर 50 बोट तैनात कर दी गई हैं।सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के चीफ इंजीनियर वी.पी.एस. तोमर के मुताबिक फिलहाल खतरे की कोई बात नहीं है। यमुना के लेवल में बढ़ोतरी रात में छोड़े गए 88 हजार क्यूसेक पानी के कारण हुई थी। 
दिल्ली प्रशासन की ओर से यमुना के बाढ़ क्षेत्र में बसे लोगों को लगातार हटाया जा रहा है। लाउडस्पीकर के जरिए उन्हें चेतावनी दी जा रही है।  बाढ़ से निबटने के लिए पूरी तैयारी है। यमुना द्वारा कोई भी कटाव को रोकने के लिए 100 लोगों की टीम लगाई गई है। बाढ़ का पानी निकालने के लिए प्रमुख नालों के साथ-साथ यमुना के बाढ़ क्षेत्र वाले इलाकों में 100 पंप लगाए गए हैं। करीब 50 बोटों के जरिए यमुना की निगरानी की जा रही है। उधर, आज सुबह 8 बजे फिर हथनी कुंड बैराज से 40 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी दिल्ली के लिए छोड़ा गया है। इस पानी के पहुंचते ही यमुना में और उफान आएगा।


No comments:

Post a Comment