Thursday, July 19, 2012


रामदेव व उनके समर्थकों पर पथराव : कांग्रेस पर आरोप
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को कुछ लोगों ने योग गुरू बाबा रामदेव के काफिले पर पथराव किया। पथराव में कई पुलिसकर्मी और कार्यकर्ता घायल हो गए। रामदेव ने हमले के लिए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को दोषी ठहराया है। बाबा रामदेव कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करने जा रहे थे। उसी वक्त कुछ लोगों ने उनके काफिले पर पथराव कर दिया। बुलेट-प्रूफ गाड़ी में चल रहे बाबा रामदेव इस हमले में बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके काफिले के साथ चल रहे कुछ पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। रामदेव ने कहा कि हमले के पीछे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का हाथ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का यह तरीका एकदम गलत है। कांग्रेस को अपने कार्यकर्ताओं को अनुशासन सिखाना चाहिए। बाबा ने कहा कि वे इस तरह के हमलों से नहीं डरेंगे और अपना आंदोलन जारी रहेंगे। पथराव में सब इंस्पेक्टर रवि धारिया गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। बाबा रामदेव की सभा की जानकारी पुलिस प्रशासन को पहले ही दे दी गई थी। इसीलिए स्थानीय प्रशासन ने पुलिस बल का व्यापक बंदोबस्त किया था।

No comments:

Post a Comment