Wednesday, June 27, 2012


हमजा और कसाब हटाएगें 26/11 से 'पर्दा'
मुंबई हमले का मास्टरमाइंड अबू हमजा उर्फ रियासत अली और इसे अंजाम तक पहुंचाने वाला आतंकी अजमल कसाब एक बार फिर एक साथ होंगे। हालांकि इस बार वे खतरनाक प्लान बनाने के बजाय मुंबई हमले का राज खोलने के लिए आमने-सामने बैठेंगे। हमले की सही और पुख्ता जानकारी जुटाने के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच इन दोनों आतंकियों को एक साथ बैठकार पूछताछ करेगी। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए हमले में 166 व्यक्ति मारे गए थे। 21 जून को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दिल्ली पुलिस के हत्‍थे चढ़ा अबू हमजा पर आरोप है कि उसने मुंबई अटैक के दौरान पाकिस्तान के कराची से आतंककारियों को फोन से निर्देश दे रहा था। साथ ही हमजा ने मुंबई अटैक को अंजाम देने वाले दस पाकिस्तानी आ‌तंकियों को हिंदी सिखाई थी। वहीं शुरुआती पूछताछ में कसाब ने कहा था कि एक भारतीय ने उसे हिंदी सिखाई थी। हालांकि बाद में कसाब अपने इस बयान से पलट गया था।  मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अबू की कस्टडी हासिल करने के लिए दिल्ली में चीफ मेट्रोपोलिटन मैजिस्ट्रेट के कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। अबू फिलहाल दिल्ली पुलिस की कस्टडी में है। पूछताछ में हमजा ने कबूल किया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इन्टर सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई) के अधिकारियों को मुंबई हमले की पहले से पूरी जानकारी थी। हमजा ने पूछताछ में यह भी स्वीकारा है कि वह हमले के समय पाकिस्तान में था और इसके बाद सऊदी अरब चला गया था। इस हमले के बाद हमजा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। हमजा अरब में शिक्षक के रूप में काम कर रहा था।

No comments:

Post a Comment