Thursday, February 23, 2012


सहवाग और धोनी ने चुनी थी अलग - अलग टीम
नई दिल्ली टीम इंडिया में महेंद्र सिंह धोनी और वीरेंद्र सहवाग के मतभेद बढ़ते जा रहे हैं। अब खबर आई है कि मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ मैच से पहले एकादश को लेकर दोनों खिलाड़ी अलग-अलग सोच रहे थे। न्यूज चैनल टाइम्स नाऊ के अनुसार दोनों खिलाडिय़ों ने अलग-अलग एकादश तय की थी, लेकिन आखिरकार वीरू की सूची वाले खिलाड़ी ही मैदान पर उतरे। उल्लेखनीय है कि टीम इंडिया में आपसी मतभेदों की खबरें पिछले कुछ दिनों से मीडिया में छाई हुई हैं। पूर्व क्रिकेटर भी इस पर नाराजगी जता चुके हैं। उनका मानना है कि टीम की लगातार हार का प्रमुख कारण यही मतभेद हैं।   चैनल के अनुसार धोनी की एकादश में रोहित शर्मा का नाम था। वे रोहित को श्रीलंका के खिलाफ उतारना चाहते थे। दूसरी तरफ सहवाग की सूची में तीनों सीनियर्स (सचिन, गंभीर और खुद सहवाग) के नाम थे। पिछले कुछ दिनों से टीम के खिलाडिय़ों के विवादित बयान सुर्खियां बटोर रहे हैं। इनमें से एक बयान धोनी का भी था, जिसमें उन्होंने इन तीनों सीनियर्स को सुस्त फील्डर बताया था।  इस बीच सूत्रों ने बताया कि बीसीसीआई के वरिष्ठ पदाधिकारी धोनी व सहवाग के बीच बढ़ते मतभेदों से सकते में हैं। उन्होंने मसले को ड्रेसिंग रूम में ही सुलझाने के लिए कहा है। उन्हें इन खबरों पर यकीन नहीं हो रहा है, क्योंकि सीनियर्स ने इससे पहले ऐसा व्यवहार नहीं किया है।   श्रीलंका के खिलाफ मैच के बाद कार्यवाहक कप्तान सहवाग प्रेस कॉन्फेंस में आए थे। उस समय उनके तेवर अलग ही थे। उन्होंने धोनी का नाम लिए बिना कहा था कि क्या आपने आज मेरा कैच देखा? हम पिछले 10 साल से ऐसी ही फील्डिंग कर रहे हैं।


No comments:

Post a Comment