Monday, May 7, 2012


'पाकिस्तान ने जताया भारत की जमीन पर अधिकार'
नई दिल्‍ली. भारत और पाकिस्‍तान के बीच सर क्रीक सीमा विवाद एक बार फिर गरमा सकता है। पाकिस्‍तान ने सर क्रीक के भूगोल में बदलाव का हवाला देते हुए भारत की सीमा में पड़ने वाले पीर सनाई क्रीक तक अपनी जमीन होने का दावा किया है। हालांकि भारत ने इसका विरोध किया है। अब 14 मई को दोनों देशों के बीच होने वाली द्विपक्षीय बैठक में यह मुद्दा गरमागरम बहस का रूप ले सकता है।  बीते साल मई में दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर हुई आखिरी दौर की बातचीत के दौरान पाकिस्‍तान ने यह नया दावा किया। इस दावे के पक्ष में दलील दी गई कि 2007 में किए गए एक संयुक्‍त सर्वे में पता चला कि सर क्रीक करीब एक से डेढ़ किलोमीटर पूरब की ओर बढ़ गया है। सर्वे में यह भी पता चला कि पुराने नक्‍शे के मुताबिक जमीन का वह टुकड़ा जो सर क्रीक को पीर सनाई क्रीक से अलग करता है, वह धीरे-धीरे खत्‍म हो गया है। इस परिणाम हुआ कि सर क्रीक और पीर सनाई के मुहाने करीब-करीब जुड़ गए हैं। यह विवाद कच्छ के रण में 96 किलोमीटर लंबे मुहाने को लेकर है जो भारत के गुजरात को पाकिस्तान के सिंध प्रांत से अलग करता है। सर क्रीक विवाद को लेकर 5 साल पहले हुई बातचीत में दोनों देशों के बीच विवाद के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई थी। गौरतलब है कि पिछले साल की बातचीत मुंबई हमले के बाद करीब दो सालों बाद फिर से शुरू हुई द्विपक्षीय बातचीत प्रक्रिया के तहत की गई। सर्वे के बाद यह पहली बातचीत थी।
 हालांकि भारत ने पाकिस्‍तान के दावे का तुरंत विरोध किया। भारत ने कहा कि पाकिस्‍तान के दावे से भारतीय नावों के लिए पीर सनाई क्रीक तक पहुंचने का रास्‍ता बंद हो जाएगा। यह इलाका भारत के लिए बेहद अहम है। नौसेना भी इस इलाके का बखूबी इस्‍तेमाल करती है।
 

No comments:

Post a Comment