Tuesday, May 29, 2012


'पीएम ने सू की को दिया भारत आने का न्योंता'
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को यहां लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू की से मुलाकात की। अधिकारियों ने कहा कि होटल सेडोना में दोनों नेताओं की मुलाकात 45 मिनट तक चली।
मनमोहन सिंह तीन दिवसीय यात्रा पर रविवार को म्यांमार पहुंचे थे। पिछले 25 वर्षो में म्यांमार की यात्रा करने वाले मनमोहन पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का पत्र सू की को सौंपा। पत्र में सू की को जवाहरलाल नेहरू स्मृति व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया है। सू की ने कहा कि वह इस निमंत्रण को स्वीकार करना चाहती हैं। मनमोहन सिंह तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर म्यांमार में हैं, जो मंगलवार को समाप्त हो रही है। म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू की केवल राजनीतिक लड़ाई के लिए ही लाखों लोगों की प्रेरणास्रोत नहीं हैं, बल्कि वह अपने सुरुचिपूर्ण व साधारण परिधानों के लिए भी लाखों लोगों, खासकर महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। लोकतंत्र समर्थक सू की कई सालों तक नरबंद रही हैं। इस दौरान पति की कैंसर से मौत हो गई और वह उनसे मिल भी नहीं पाईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। चेहरे पर मुस्कान और बालों में फूल के गजरे व परंपरागत परिधानों में सू की ने लाखों लोगों को आकर्षित किया है। 'द इरावडी' पत्रिका के अनुसार, वर्ष 1990 में म्यांमार की लाखों महिलाओं ने सू की के प्रति समर्थन व्यक्त करने के लिए अपने दर्जियों को उनके जैसे ही ब्लाउज सिलने को कहा। म्यांमार की बहुत सी महिलाएं उनकी फैशन शैली को अपनाती हैं। सू की को नवम्बर, 2010 में रिहा किया गया। म्यांमार में लोकतंत्र बहाली के लिए संघर्षरत सू की से आज देश का दौरा करने वाले दुनिया के सभी नेता मुलाकात कर रहे हैं। देश में पहली अप्रैल को हुए संसदीय उप चुनाव के परिणाम भी उनकी पार्टी के पक्ष में गए हैं।

No comments:

Post a Comment