Wednesday, May 30, 2012


गर्मी से नही मिलेंगी राहत रहें सावधान
दिल्ली, एनसीआर सहित पूरे देश में चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर रखा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 36-48 घंटे के भीतर तापमान में किसी तरह के बदलाव के आसार नहीं हैं।
राजधानी दिल्ली और गाजियाबाद, नोएडा सहित एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। दिल्ली और एनसीआर में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में तापमान 45 डिग्री के आसपास रहेगा। मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अगले 36 घंटों तक तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। लू के थपेड़े इसी तरह जारी रहेंगे। बुधवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं, वाराणसी का अधिकतम तापमान 44 डिग्री, इलाहाबाद का 46.3 डिग्री तथा कानपुर का तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दूसरी तरफ राजधानी पटना सहित पूरा बिहार पिछले एक पखवाड़े से भीषण गर्मी ओर लू की चपेट में है। पुरवईया हवा चलने के कारण लोग उमसभरी गर्मी से परेशान हैं। स्थिति यह है कि राज्य में सुबह का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। राज्य में मंगलवार को सबसे गर्म क्षेत्र गया रहा, जहां का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस था। इसके अलावा पटना का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और भागलपुर का 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान के सबसे गर्म शहर श्रीगंगानगर में भी पारा 45 डिग्री के पार चला गया है। बीकानेर, जयपुर, जोधपुर इन शहरों में गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सूरज के तीखे तेवरों ने आम तौर पर इन दिनों ठंडे रहने वाले हिमाचल प्रदेश को भी नहीं बख्शा। शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। शिमला में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं नरकंडा, कुफरी, कसौली, मनाली, पालमपुर, चंबा और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों पर भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
गर्मियों के मौसम में पानी शरीर का सबसे बड़ा रक्षा कवच होता है। तेज गर्मी में शरीर के अधिक गर्म होने से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ता है। चिकित्सकों के मुताबिक गर्मियों में शरीर का अधिकांश पानी पसीने के रूप में बाहर आ जाता है। इसलिए दिन में कम से कम 4 से 5 लीटर पानी पिएं। इसके अलावा नारियल पानी, छाछ और लस्सी पीने से भी शरीर में पानी का संतुलन बना रहता है।
अपनी डेली डाइट में हल्का सा बदलाव करके आप गर्मियों में हीट स्ट्रोक के खतरे से बच सकते हैं। गर्मियों में तला-भुना और भारी भोजन करने से बचना चाहिए, जितना हो सके हल्का भोजन करें। सलाद के रूप में खीरे और ककड़ी का प्रयोग जरूर करें। इनके अलावा रसदार फलों का भी सेवन करें।
हीट स्ट्रोक से बचने के लिए घूप के सीधे संपर्क में आने से बचें। बाहर निकलते समय छाते का प्रयोग करें। महिलाएं दुपट्टे से सिर को ढककर धूप से बच सकती हैं। चिकित्सक बताते हैं कि जो लोग काम की वजह से पूरे दिन घर से बाहर रहते हैं, उन लोगों को अपने सिर को कैप या किसी अन्य तरीके से ढककर रखना चाहिए। ऐसा करने से सूरज की गर्मी शरीर को प्रभावित नहीं कर पाती है।
गर्मियों मे हल्के रंग वाले और सूती कपड़ों को प्रा‌थमिकता दें। सूती और हल्के रंग के कपड़े शरीर को ठंडक प्रदान करते हैं। इन कपड़ों में शरीर को पर्याप्त हवा भी लगती है, जिससे शरीर गर्म होने से बचता है। इसके अलावा मोटर साइकिल या स्कूटर चलाते समय सिर पर एक गीला तौलिया रखें और उसके बाद हैलमेट लगाकर ही बाहर निकलें। गर्मी के मौसम में लू लगने पर शरीर में पानी की मात्रा कम हो जाती है। इसके अलावा सिर में भारीपन, सिर दर्द, थकावट, जी मिचलना, शरीर का तापमान बढऩा, पसीना आना बंद होना, मुंह लाल होना, त्वचा का सूख जाना, अधिक प्यास लगना, नाड़ी की गति तेज हो जाना और बेहोश की भी शिकायत होती है।

No comments:

Post a Comment