नई दिल्ली: केंद्रीय इस्पात मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बेनी प्रसाद वर्मा ने सोमवार को एक विवादित बयान में कहा कि वह बढ़ रही महंगाई से बहुत खुश हैं। अपने गृह जनपद बाराबंकी में संवाददाताओं से बातचीत में बेनी ने कहा, मैं महंगाई से बहुत खुश हूं, क्योंकि महंगाई से किसानों को फायदा हुआ है।बेनी ने कहा, आज दाल, चावल, गेहूं, तेल सहित सभी चीजें महंगी हो गई हैं, तो इसका फायदा किसानों को हो रहा है। मैं महंगाई से प्रसन्न हूं। इस बीच बेनी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि तीसरे मोर्चे के उदय का सपना देखने वाले मुलायम का ख्वाब कभी पूरा नहीं होगा। बेनी ने कहा, मुलायम सठिया गए हैं। केंद्र में सरकार बनाने का उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा। उनके बयान से भड़के समाजवादी नेता मोहन सिंह ने कहा कि बेनी को सरकार से हटाओ, वरना समर्थन वापस।
मालूम हो कि शनिवार को मुलायम ने कहा था कि कई राज्यों में तीसरे मोर्चे को बढ़त हासिल होती दिख रही है, इसलिए भाजपा और कांग्रेस के पूर्ण बहुमत पाने की संभावना कम दिख रही है।मुलायम ने यह भी कहा था कि अगले आम चुनाव में सपा यदि उत्तर प्रदेश में 60 सीटें लाने में कामयाब हो जाती है तो केंद्र में सपा के नेतृत्व वाली सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता।
नई दिल्ली : राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को राष्ट्र की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 68वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वरिष्ठ नेताओं ने भी राजीव गांधी के समाधि स्थल वीरभूमि में पुष्प अर्पित करके श्रद्धांजलि दी।
राजीव गांधी की पत्नी एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनकी पुत्री प्रियंका गांधी और पति रावर्ट वडेरा ने भी समाधिस्थल में पुष्प अर्पित करके श्रद्धांजलि दी। राजीव गांधी के पुत्र एवं कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी हालांकि प्रार्थना कार्यक्रम के दौरान नहीं दिखाई दिए। रक्षा मंत्री एके एंटनी, लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार, योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री वी नारायणस्वामी ने भी समाधि स्थल में पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। बाद में विद्यालय के छात्रों ने समाधि स्थल की ओर मार्च किया। श्वेत वस्त्र पहने हुए बच्चे सामुदायिक सद्भावना के प्रतीक स्वरूप हाथ में तिरंगा लिये हुये थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान शास्त्रीय संगीत की मधुर ध्वनि बजाई जा रही थी।
देश में सूचना तकनीक क्रांति के प्रणेता राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था। उन्होंने 1984 से 1989 तक देश के छठे प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। 21 मई 1991 को तमिलनाडु में एक जनसभा को संबोधित करने के दौरान लिट्टे आतंकियों ने उनकी हत्या कर दी थी।
नई दिल्ली।। गीतिका शर्मा की आत्महत्या को लेकर अब कहा जा रहा है कि गोपाल कांडा से शादी का वादा पूरा न होते देखकर उसने जान दी। कांडा लंबे वक्त से अपनी दो बेटियों की शादी की दुहाई दे रहा था। इस दौरान तीन बार अबॉर्शन और शादी न होने से गीतिका जिंदगी से हताश हो चुकी थी। गोवा में अंकिता और नूपुर मेहता के हाथों पिटाई के बाद कराई गई एफआईआर वापस लेने का दबाव भी गीतिका पर था। अंकिता भी अपनी बेटी का पिता कांडा को बता रही थी, जिससे गीतिका परेशान थी।
गोपाल कांडा से पूछताछ के बाद पुलिस गीतिका शर्मा की सूइसाइड की यह वजह बता रही है। पुलिस ने बताया कि गोपाल कांडा ने एमडीएलआर एयरलाइंस में गीतिका की नौकरी लगने के बाद उससे शारीरिक संबंध बना लिए थे। 18 साल की गीतिका को कांडा ने अपनी दौलत और रुतबे से चकाचौंध कर दिया था।कांडा के पूरे परिवार को उन दोनों के गहरे रिश्तों के बारे में जानकारी थी। रिश्ते इतने गहरे बन गए कि गीतिका कांडा से शादी करने के लिए कहने लगी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शादी के लिए कांडा ने कभी भी उससे इनकार नहीं किया। कांडा ने उससे हमेशा यही कहा कि वह अपनी दो बेटियों की शादी डेढ़-दो साल में करने के बाद गीतिका से शादी कर लेगा। इस वादे पर गीतिका को शुरुआत में तो भरोसा था, लेकिन गोवा में हुई घटनाओं से उसे झकझोर दिया।
भारतीय क्रिकेट के संकटमोचक और सबसे स्टाइलिश बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने सभी को चौंकाते हुए शनिवार को तत्काल प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। लक्ष्मण के लिए माना जा रहा था कि वह अपने गृह शहर हैदराबाद में 23 अगस्त से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट के बाद संन्यास ले लेंगे लेकिन उन्होंने संन्यास की घोषणा कर 16 वर्ष के अपने बेहतरीन करियर का समापन कर दिया। 1996 में अपना अंतरराष्ट्रीय करियर शुरू करने वाले 37 वर्षीय लक्ष्मण ने एक संवाददाता सम्मेलन में अपने संन्यास की घोषणा की। लक्ष्मण के संन्यास के साथ ही भारतीय बल्लेबाजी के फैबुलस फोर का तीसरा सदस्य भी खेल से अलविदा हो गया। सौरभ गांगुली और राहुल द्रविड़ पहले ही खेल से संन्यास ले चुके हैं और अब इस विशिष्ट ग्रुप के एकमात्र सदस्य सचिन तेंदुलकर ही टीम इंडिया में सक्रिय हैं। पहले यह माना जा रहा था कि लक्ष्मण न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्टों की सीरीज के बाद संन्यास लेंगे लेकिन फिर यह बात सामने आई कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद संन्यास लेंगे लेकिन वेरी वेरी स्टाइलिश लक्ष्मण ने सबको हैरत में डालते हुए पहला टेस्ट शुरू होने से पांच दिन पूर्व की संन्यास की घोषणा कर दी।
इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया दौरों में भारत की टेस्ट सीरीज में 0-4 की शर्मनाक पराजय के बाद सीनियर बल्लेबाजों पर उंगलियां उठाई जा रही थी। आस्ट्रेलिया दौरा समाप्त होने के बाद लक्ष्मण ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा और अब लक्ष्मण भी खेल से अलविदा हो गए। लक्ष्मण के संन्यास के साथ भारत की कलात्मक बल्लेबाजी का एक युग समाप्त हो गया।
लक्ष्मण के संन्यास की घोषणा करने के फैसले के पीछे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की तरफ से आ रही उन रिपोर्टों को जिम्मेदार माना जा रहा है जिनमें यह कहा गया था कि लक्ष्मण को इस सीरीज के लिए विदायी देने के तौर पर चुना गया है।
भारत के लिए कई यादगार पारियां खेलने वाले लक्ष्मण ने अपना करियर 1996 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू किया था। उनके खाते में 134 टेस्टों में 8781 रन हैं जिनमें 17 शतक और 56 अर्धशतक शामिल हैं। लक्ष्मण ने 86 वनडे में छह शतकों के साथ 2338 रन भी बनाए हैं।
नई दिल्ली।। दिल्ली की एयरहोस्टेस गीतिक शर्मा सूइसाइड केस में आरोपी गोपाल गोयल कांडा ने सरेंडर कर दिया है, लेकिन पुलिस अभी कई सवालों के जवाब खोजने में लगी है। पता चला है कि 5 अगस्त को गीतिका की खुदकुशी के बाद पिछले 12 दिनों के दौरान कांडा ने लगातार हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल किया। पुलिस पता लगा रहा ही कि यह हेलिकॉप्टर किसका था और इस दौरान कांडा कहां-कहां गए। गीतिका की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से यह बात सामने आई थी कि मौत के 48 से 72 घंटे पहले भी उसके साथ फिजिकल रिलेशन बनाए गए थे। पुलिस को शक है कि शारीरिक संबंध बनाने वाला यह शख्स कांडा हो सकता है। इसलिए गीतिका की मौत से 2-3 दिन पहले कांडा कहां था, इसका जवाब भी पुलिस तलाश रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कांडा की तलाश में जुटी एक टीम को भनक लगी है कि कांडा लगातार जगह बदलने के लिए प्राइवेट हेलिकॉप्टर भी इस्तेमाल कर रहा है। जांच की जा रही है कि हेलिकॉप्टर किसका है और किसने उसे किराए पर लिया था। पुलिस की एक टीम को पता चला था कि कांडा इस बीच गोवा भी गया था। समझा जा रहा है कि उसने वहां जाकर गीतिका के सुइसाइड नोट वाली अंकिता को अंडरग्राउंड कराया और वहां मौजूद हर संभव सबूत को खत्म करने की कोशिश की।यह भी खबरें थीं कि मौत के कुछ ही दिन पहले गीतिका अपने भाई के फैशन शो के लिए मुंबई गई थी। तो क्या यह लास्ट फिजिकल रिलेशन मुंबई में बने थे या दिल्ली में और इस दौरान कांडा कहां था? सूत्रों के मुताबिक इस सवाल का जवाब जानने के लिए ट्रेवल रेकॉर्ड, फोन लोकेशन और ऐसी ही कई चीजों की छानबीन की जानी है। गीतिका के विसरा की भी जांच हुई है। जरूरत के हिसाब से कांडा का ब्लड सैंपल लिया जा सकता है। हो सकता है कि इसके लिए कोर्ट की मदद लेनी पड़े।
पीटीआई ॥ वॉशिंगटन : मशहूर टाइम मैगजीन और सीएनएन ने शुक्रवार को भारतीय-अमेरिकी लेखक और पत्रकार फरीद जकारिया का निलंबन वापस ले लिया। गौरतलब है कि जकारिया पर साहित्यिक चोरी के आरोप लगे थे। सीएनएन और टाइम ने आरोपों की जांच के बाद अलग-अलग बयान जारी कर जकारिया का निलंबन वापस लिए जाने का ऐलान किया।
जकारिया ने साहित्यिक चोरी की बात मानी थी। उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी थी और कहा था कि ऐसा उन्होंने जानबूझकर नहीं किया। इससे पहले वॉशिंगटन पोस्ट ने जकारिया से माफी मांगी थी। अखबार ने उन पर साहित्यिक चोरी का एक और आरोप लगाया था। सीएनएन और टाइम ने कहा कि फरीद का मशहूर कॉलम और शो द संडे टॉक अब फिर से शुरू हो जाएंगे। टाइम के बयान में कहा गया है, 'हमने टाइम के लिए लिखे गए फरीद जकारिया के हर कॉलम की गहन जांच की है। हम इस बात से पूरी तरह संतुष्ट हैं कि उनके हालिया स्तंभों में इस्तेमाल की गई भाषा के पीछे कोई मंशा नहीं थी। यह एक अलग तरह की घटना है जिसके लिए उन्होंने माफी मांग ली है।'
पूर्वोत्तर के लोग भयमुक्त होकर देश में कहीं भी रहें। उनकी रक्षा की जवाबदेही सरकार की है। सरकार इसे पूरी ताकत से निभाएगी। कुछ लोग देश को संकट में डालना चाहते हैं, लेकिन सरकार उनसे सख्ती से निपटेगी।
बेंगलुरू और पुणे समेत कई शहरों से पलायन कर रहे पूर्वोत्तर के लोगों में विश्वास बनाए रखने के लिए शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों ने पूर्वोत्तर के लोगों के साथ एकजुटता दिखाई। सदन में सरकार ने आश्वासन दिया कि पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा की जाएगी और अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लोकसभा में जहां इस मसले पर लगभग दो घंटे तक चर्चा हुई, वहीं राज्यसभा में भी पूर्वोत्तर के लोगों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए संकल्प पारित किया गया। मामले की नजाकत को समझते हुए स्पीकर मीरा कुमार ने प्रश्नकाल स्थगित करके इस मसले पर चर्चा की इजाजत दी। चर्चा की शुरुआत लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने की। उन्होंने कहा कि दलगत भावना से उठकर पूर्वोत्तर के लोगों को यह संदेश देने की जरूरत है कि उन्हें भयभीत होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने पूर्वोत्तर के लोगों के लिए हेल्पलाइन बनाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की। कांग्रेस की ओर से निनांग एरिंग ने कहा कि अफवाहों की वजह से लोगों में दहशत है। अफवाह फैलाने वाले देश के दुश्मन हैं और इनसे कड़ाई से निपटा जाए। जेडीयू के शरद यादव ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत का मुकुट है और इसकी रक्षा की जानी चाहिए। चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पूर्वोत्तर के लोगों को आश्वस्त किया कि वे भयमुक्त होकर देश में कहीं भी रहें। उनकी रक्षा की जवाबदेही सरकार की है। सरकार इसे पूरी ताकत से निभाएगी। कुछ लोग देश को संकट में डालना चाहते हैं, लेकिन सरकार उनसे सख्ती से निपटेगी। शिवसेना के अनंत गीते ने पूर्वोत्तर को भारत से अलग करने की साजिश की आशंका जताते हुए कदम उठाने की मांग की।