Monday, January 2, 2012


मधु कोड़ा को मिला 1200 करोड़ रुपये का टैक्स नोटिस

रांची।।  झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को जुर्माना समेत 1200 करोड़ रुपए का टैक्स भरने के लिए कहा गया है। इनकम टैक्स विभाग (आईटी) के मुताबिक मधु कोड़ा अपने मुख्यमंत्री पद का गलत इस्तेमाल करते हुए 3300 करोड़ रुपए की संपत्ति बटोरी। मधु कोड़ा और उनके सहयोगी रांची की बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में बंद हैं।    
  
एक अधिकारी के अनुसार आईटी विभाग ने उनकी संपत्ति 3300 करोड़ रुपए आंकी है। उन्हें 1200 करोड़ रुपए का टैक्स और जुर्माना जमा करने का नोटिस दिया गया है।  2009 में कोड़ा के घर और उनसे देश भर में उनसे संबंधित 70 जगहों पर छापे मारे गए थे। 

दूसरी तरफ भोपाल में निलंबित आईएएस दंपती अरविंद और टीनू जोशी को भी करीब 45 करोड़ रुपए का टैक्स और जुर्माना देने को कहा गया है। इस दंपती की संपत्ति 350 करोड़ रुपए आंकी गई है।

2जी घोटाला में बेहुरा की याचिका पर सीबीआई को नोटिस

नई दिल्ली।। सुप्रीम कोर्ट ने 2जी घोटाले के आरोपी पूर्व टेलिकॉम सेक्रेटरी सिद्धार्थ बेहुरा की जमानत याचिका पर सीबीआई को सोमवार को नोटिस जारी किया। 
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जी. एस. सिंघवी की अध्यक्षता वाली बेंच ने यह नोटिस जारी किया। बेहुरा ने पिछले माह दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है। 
बेहुरा, पूर्व टेलिकॉम मिनिस्टर ए. राजा और उनके पूर्व सेक्रेटरी आर. के. चंदोलिया को 2जी मामले में दो फरवरी 2011 को गिरफ्तार किया गया था। 
सोमवार के आदेश के बाद निचली अदालत की ओर से जमानत पाए गए चंदोलिया अगली सुनवाई तक जेल से बाहर रहेंगे। इस मामले के 14 आरोपियों में से 12 व्यक्तियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है और केवल मुख्य आरोपी पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा और बेहुरा ही जेल में बंद हैं। 
विशेष अदालत की ओर से एक दिसम्बर 2011 को चंदोलिया को प्रदान की गई जमानत पर स्वत: संज्ञान लेते हुए उच्च न्यायालय द्वारा रोक लगाए जाने के आदेश के खिलाफ चंदोलिया की याचिका पर विचार करने पर पीठ राजी हो गई। चंदोलिया को जमानत मिलने के दिन ही तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया था। 
चंदोलिया ने अपनी जमानत पर रोक लगाने के निर्णय को 'अनुचित और गलत' बताते हुए उसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। बेहुरा ने 16 दिसम्बर 2011 के हाई कोर्ट के उस आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी थी जिसमें उसने इस आधार पर जमानत देने से इनकार कर दिया था कि उन्होंने राजा के अवैध इरादों को साजिश का रुप दिया और वह जमानत पर रिहा 10 अन्य आरोपियों की तर्ज पर जमानत का दावा नहीं कर सकते। 
चंदोलिया को जमानत मिलने के एक दिन बाद न्यायमूर्ति वी के शाली की हाई कोर्ट की बेंच ने जमानत मिलने के बारे में आई खबरों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए उसे यह कहते हुए निलंबित कर दिया कि यदि वह जेल से बाहर नहीं आ गए हैं तो यह रोक लागू होगी।

        जल्द ही ठीक हो जाऊगा : अन्ना हजारे
नई दिल्ली 5- राज्यों मे होने वाले आगामी चुनावों मे काग्रेस के खिलाफ प्रचार करने का अन्ना हजारे के कार्यक्रम को धक्का लग सकता है बीमार अन्ना हजारे को डॉक्टरों ने एक महीने तक पूरी तरह से आराम करने की सलाह दी है। अन्ना हजारे को ब्रॉन्काइटिस, सीने में इन्फेक्शन और वायरल फीवर है। खराब सेहत की वजह से अन्ना को मुंबई में अपना अनशन दूसरे दिन ही तोड़ना पड़ा था। 
अन्ना शनिवार को पुणे के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हुए। डॉक्टरों ने अन्ना को कम से कम 1 महीने तक अनशन न करने की सलाह ही है। हालांकि, अन्ना ने अपने समर्थकों से कहा कि वे उनकी सेहत को लेकर परेशान न हों और कुछ दिनों में ही वह पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे।
 
अन्ना हजारे ने कहा कि वह अब काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा,
 ' कुछ ही दिनों में मैं पूरी तरह से ठीक हो जाऊंगा। मैं अपने सभी देशवासियों और कार्यकर्ताओं से अनुरोध करता हूं कि वे चिंता न करें। मेरी तबीयत बहुत खराब नहीं है। ' उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने कहा कि उन्हें पूरी तरह आराम की जरूरत है और उनके सहयोगियों को उन्हें परेशान नहीं करने की सलाह दी गई है। 
डॉक्टर पराग संचेती ने कहा कि सीने में इन्फेक्शन का इलाज चल रहा है और उन्हें कम से कम एक हफ्ते तक अस्पताल में रहने की जरूरत होगी। हजारे के सचिव सुरेश पठारे ने कहा कि उनकी हालत स्थिर है और लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह आराम की सलाह दी है।